आरएमएस कॉलोनी में घर पर की गोलीबारी, खोखा बरामद

कंकड़बाग थाना क्षेत्र की आरएमएस कॉलोनी स्थित राम उपाध्याय राय के घर पर अपराधियों ने शुक्रवार की देर रात गोलीबारी की। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की सूचना के बाद शनिवार की सुबह पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया। पीड़ित ने अपने गोतिया पर गोली चलवाने का आरोप लगाया है। प्रथमदृष्टया पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। हालांकि, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। थानेदार ने बताया कि गोली चलाने वाले की पहचान के लिए घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। खोखा को जांच के लिए एफएसएल भेजा जाएगा। कंकड़बाग थाना क्षेत्र के न्यू जगनपुरा स्थित आरएमएस कॉलोनी में राम उपाध्याय राय परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार की देर रात किसी ने उनके घर पर गोलीबारी की थी। सुबह उठने पर राम उपाध्याय राय ने पाया कि एक गोली उनके प्रथम तल स्थित घर की दीवार पर लगी है। बाहर एक खोखा पड़ा मिला। इसकी सूचना पीड़ित ने शनिवार की सुबह करीब आठ बजे 112 की पुलिस को दी। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच जांच की तो दीवार पर गोली के निशान मिले। पूछताछ में उसने बताया कि राम कृष्णा नगर स्थित जमीन को लेकर उनका गोतिया से विवाद चल रहा है। जमीन को लेकर गुरुवार को भी उनका गोतिया से झगड़ा और गाली-गलौच हुआ था। घटना में अपने गोतिया पर गोली चलवाने का संदेह जाहिर किया। घटना स्थल के समीप लगे सीसीटीवी कैमरे में फिलहाल पुलिस को गोली चलाए जाने का फुटेज नहीं मिला है। अब पुलिस इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है।

2024-09-07T14:46:56Z dg43tfdfdgfd