FACT CHECK : कंगना रनोट के वीडियो से की गई छेड़छाड़, एडिटेट है वायरल वीडियो

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनोट के भाषण के एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने हार मान ली है। उन्होंने एक रैली में कहा है कि वो चुनाव में नहीं जीतेगी। जनता उन्हें वोट नहीं देंगे, लोग रैलियों में बस उन्हें देखने के लिए आ रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। दरअसल कंगना रनोट का वायरल वीडियो एडिटेड है। असल में उन्होंने कहा था कि कांग्रेस नेता का उनके लिए यह कहना है कि लोग उन्हें देखने आते हैं। जनता उन्हें वोट नहीं देगी।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर जेएमएम_2024 ने 6 मई 2024 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “कंगना ने मानी हार, “भीड़ वोट नहीं देगी, सिर्फ देखनी आती है।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च करना शुरू किया। हमें वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) का लंबा वर्जन हिमाचल के यूट्यूब चैनल हिमाचल अभी अभी के आधिकारिक अकाउंट पर अपलोड हुआ मिला। वीडियो को 2 मई 2024 को शेयर किया गया था। वीडियो में 59 सेकंड से कहते हुए सुना जा सकता है, “प्रतिभा जी जिन्हें मैं अपनी माता स्वरूप समझती हूं। उन्होंने भी कल एक जगह कहा के ये जो भीड़ कंगना को देखने के लिए उमड़ती है। वो वोट नहीं देगी। वो मात्र ये देखने को आती है कि वो मात्र चीज क्या है। क्या वो हुस्न परी आई है, मुंबई से इन्होंने जो लेकर आए हैं। तो वो इस चीज को देखने को आते हैंं। मैं कोई चीज नहीं हूं। मैं एक लड़की हूं। मैं भी ऐसे हाड़ मांस से बनी हूं। जैसे कि आप बहनें बनी हैं। मैं भी हिमाचल की इन गलियों में ऐसे ही खेलती थी। जैसे हमारी ये बेटियां खेलती हैं। मेरी ये बहनें  कोई चीज को देखने को नहीं आती है। मेरी बहनें एक बहन को देखने आती हैं। मेरे भाई कोई चीज या हुस्न परी देखने नहीं आते हैं। वो अपनी हिमाचल की बेटी को देखने के लिए आते हैं।”

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी रिपोर्ट दैनिक जागरण की एक रिपोर्ट (आर्काइव लिंक) मिली। रिपोर्ट के अनुसार, हिमाचल के करसोग में जनसभा को संबोधित करते हुए कंगना ने  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह का कहना है कि लोग मुझे सिर्फ देखने आते हैं और वो मुझे वोट नहीं देंगे। लेकिन तेज धूप के बावजूद लोग उनको सुनने आए इसका मतलब साफ है कि जनता का आशीर्वाद उनको मिल रहा है और यही बात कांग्रेस हजम नहीं कर पा रही।

यह खबर जागरण प्रिंट में भी प्रकाशित हुई थी। ई-पेपर को नीचे देखा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण मंडी के जिला प्रभारी हंसराज सैनी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “कंगना को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह ने ऐसा कहा था। कंगना ने करसोग विधानसभा के तत्तापानी में प्रतिभा को इस बात का जवाब दिया था। जो वीडियो प्रसारित हो रहा है, वह सही नहीं है। वीडियो से छेड़छाड़ की गई है।”

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 53 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि कंगना रनोट के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। दरअसल कंगना रनोट का वायरल वीडियो एडिटेड है। असल में उन्होंने कांग्रेस नेता प्रतिभा सिंह पर पलटवार करते हुए कहा था कि उनका कहना है कि लोग उन्हें देखने आते हैं। जनता उन्हें वोट नहीं देगी।

2024-05-06T12:39:53Z dg43tfdfdgfd