ACCIDENT IN JASHPUR : बारातियों से भरा वाहन पेड़ से टकराया, आठ घायल

नईदुनिया प्रतिनिधि, जशपुरनगर: बारातियो से भरी तेज रफ्तार चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना मे 8 लोग घायल हो गए। हादसा नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम साहीडांड के पास शुक्रवार सुबह 5 बजे की है।

जानकारी के अनुसार जशपुर जिले के दुलदुला ब्लाक के बिपतपुर पंचायत के आश्रित गांव कोरना से सूरजपुर जिले के भूरानीडांड गए थे। विवाह कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद वाहन क्रमांक सीजी 10 एनए 8852 मे सवार होकर कोरना लौट रहे थे। इस दौरान, साहीडांड के पास तड़के लगभग 5 बजे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित महुआ के पेड़ से टकरा गई। तेज आवाज सुनकर साहीडांड के रहवासी घायलो की सहायता के आए। स्थानीय लोगो ने घायलो को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल भेजनें के लिए एंबुलेंस के लिए 108 पर काल किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन उपलब्ध ना होने की सूचना देते हुए संजीवनी सेवा ने घायलो को दूसरे वाहन से अस्पताल ले जाने की सलाह देते हुए काल डिस्कनेक्ट कर दिया। ग्रामीणों ने स्थानीय लोगो की सहायता से घायलो के इलाज के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र मे भर्ती कराया है। उल्लेखनीय है कि उद्योगविहिन जशपुर जिले में सड़क दुर्घटना में मृतकों और घायलों की बढ़ती हुई संख्या ने पुलिस प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी है। पुलिस विभाग के आंकड़े के अनुसार वर्ष 2023 में जिले में सड़क दुर्घटना में 256 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। वहीं 179 वाहन चालक घायल हुए थे।

वर्ष 2022 में यह आंकड़ा 205 और 263 था। वर्ष 2021 में भी 221 वाहन चालक सड़क दुर्घटना की भेंट चढ़े थे और 194 लोग घायल हुए थे। जाहिर है बीते तीन साल के दौरान जिले हर साल लगभग 200 लोगों की मौत सड़क दुर्घटना में हो रही है। उद्योगविहिन जशपुर जिले के लिहाज से यह आंकड़ा गंभीर माना जा रहा है। एसपी शशिमोहन सिंह का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं पर नकेल कसने के लिए जल्द ही विशेष अभियान चलाया जाएगा।

2024-04-19T03:55:05Z dg43tfdfdgfd