AMBIKAPUR NEWS : प्रचंड गर्मी के बीच तापमान 41 डिग्री के पार

नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: मई माह में देश के उत्तरी भूभाग में पड़ रही भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित हो गया है। सुबह कुछ घंटों की राहत के बाद दिनभर आग बरसाने वाली गर्मी से लाेग बेहाल हैं। सोमवार को उत्तरी छत्तीसगढ़ में गर्मी के तीखे तेवर के बीच अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री के पार चला गया। पहली बार यहां का तापमान 41 डिग्री के ऊपर पहुंचा है। इस बीच पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव मौसम को कुछ राहत देने का संकेत दे रहा है। आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ में विक्षोभ के प्रभाव से गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा की संभावना है। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट के अनुसार सूरज की किरणें मई माह के दौरान उत्तरी क्षेत्र में और उष्ण हो जाती हैं। इस दौरान शुष्क संवहनी धाराएं जन्म लेती हैं। दूसरी ओर ओडिसा, पश्चिम बंगाल, इसके नजदीकी झारखंड, बिहार आदि क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर जा कर उष्ण लहर उपन्न करती हैं तथा इन क्षेत्रों में दक्षिणी हवाएं अपने साथ बंगाल की खाड़ी से जो नमी की आपूर्ति करती हैं उससे नमीयुक्त संवहनी धाराएं जन्म लेती हैं। इन धाराओं के कारण संबंधित क्षेत्रों में कई बार प्रचंड मेघ गर्जन, भारी वर्षा और ओलावृष्टि के साथ तेज विनाशकारी हवाएं चलती हैं। इन क्षेत्रों में बैसाख के महीने में होने वाली इसी घटना को काल बैसाखी कहा जाता है। इस समय मध्य भारत भी उष्ण लहरों की चपेट में आता है और यहां दोनो ही प्रकार के कनवेक्टिव (संवहनी) मौसमी गतिविधियां देखने को मिलती हैं।

ग्रीष्म लहरों के कारण बढ़ रहा तापमान

उत्तरी छत्तीसगढ़ का इलाका झारखंड और ओडिशा से लगा हुआ है। दोनों राज्यों में इन दिनों ग्रीष्म लहरें चल रही हैं। इसका असर उत्तरी छत्तीसगढ़ में भी पड़ रहा है। यही कारण है कि सोमवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री दर्ज किया गया है। यह इस सीजन का सर्वाधिक तापमान रहा। इस बीच एक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण अगले दो-तीन दिनों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इसके असर से तेज हवा व गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।

2024-05-06T18:42:02Z dg43tfdfdgfd