BHIND NEWS: सीजन की सबसे गर्म रात न्यूनतम पारा 27 डिग्री पर, बुखार के मरीजों की बढ़ी संख्या

नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। मौसम में आए बदलाव के कारण शुक्रवार-शनिवार की रात गर्मी के इस सीजन की सबसे ज्यादा गर्म रात रही। रात में न्यूनतम पारा 27 डिग्री सेल्सियस रहा। साल 2023 में चार मई की रात न्यूनतम पारा 19.6 डिग्री था और अधिकतम पारा 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।

यानी इस रात का पारा 7.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़त पर है। न्यूनतम पारा बढ़ने से लोगों को रात के समय भी गर्मी सता रही है। वहीं शनिवार को दिन में अधिकतम पारा 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी के कारण चौराहे और बाजार दोपहर में सूने रहे।

एक तरफ गर्मी और दूसरी तरफ गर्म हवाओं से बचने के लिए हर कोई मुंह ढककर चल रहा है। युवतियां जहां स्टाल वहीं युवा वर्ग तौलिया बांधकर चल रहा है। महिलाएं भी अपने बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए ढंढकर चल रही हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम 27 डिग्री। मौसम में आर्द्रता 38 प्रतिशत रही। हवाएं 2.4 किलोमीटर प्रति घंटे से चली। आर्द्रता बढ़ने से उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है।

जिला अस्पताल में बढ़े मरीज

गर्मियां शुरू होते ही जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। शनिवार को अस्पताल में वायरल-बुखार के सबसे अधिक मरीज देखे गए। दिन-प्रतिदिन मरीजों की तादाद इतनी बढ़ने लगी है कि अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए पलंग तक कम पड़ रहे हैं।

अस्पताल में महिला और पुरुष वार्ड में मरीजों की बड़ी संख्या देखी जा सकती है। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार मौसम बदलने व अचानक गर्मी अधिक बढ़ने के कारण लोगों में वायरल फैल रहा है।

स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा असर स्वास्थ्य पर भी

गर्मी का असर स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। इस दिनों अस्पताल में जो मरीज आ रहे हैं उनमें उल्टी, दस्त, बुखार, सिरदर्द आदि के मरीज अधिक आ रहे हैं। सिविल सर्जन डॉ. अनिल गोयल का कहना है कि रात में न्यूनतम तापमान बढ़ने कारण डिहाईडेशन, नींद कम आना, चिड़चिड़ापन आना जैसी शिकायत आती हैं।

गर्मी से ऐसे बचें

- गर्मियों में दोपहर के समय आवश्यकता पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें।

- जब भी घर से बाहर जाएं तो ऐसे कपड़े पहनें, जिससे पूरा शरीर ढंका हो।

- चेहरे पर धूप न पड़े साथ ही लू न लगे, इसके लिए तौलिया, गमछा और स्टाल का इस्तेमाल करें।

- लू से बचने के लिए समय-समय पर साफ और स्वच्छ पानी पीते रहें।

- लू से बचने के लिए लोगों को आम का पना, प्याज आदि का सेवन भी करें।

यह भी करें

- घरों में बिना मच्छरदानी के न सोएं।

- गर्मी या लू लगने पर संबंधित को ठंडे स्थान या पेड़ की छांव में लिटाएं

- संबधित के कपड़े ढीले कर करें।

मौसम में तापमान बढ़ने से इस तरह की बीमारियां हो रही है। धूप से बचने के लिए लोग जरूरी उपाय अपनाएं और तबियत बिगड़ने पर तुरंत अपना चेकअप कराएं। - डॉ.अजीत मिश्रा, सीनियर फिजीशियन जिला अस्पताल भिंड

पिछले पांच दिन का तापमान

दिनांक - अधिकतम - न्यूनतम

04 मई - 41 डिग्री - 27 डिग्री

03 मई - 41 डिग्री - 21 डिग्री

02 मई - 38 डिग्री - 21 डिग्री

01 मई - 39 डिग्री - 20 डिग्री

30 अप्रैल - 40 - 21 डिग्री

2024-05-04T18:34:34Z dg43tfdfdgfd