BHOPAL NEWS: जमानत पर जेल से छूटने के बाद पीड़िता से दोबारा किया दुष्कर्म, आरोपित फरार

नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। छोला मंदिर थाना पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर एक युवक के खिलाफ एक माह में दूसरी बार दुष्कर्म करने का केस दर्ज किया है। पहली बार ज्यादती के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद उसने दूसरी बार घटना को युवती के घर में घुसकर अंजाम दिया। इस मामले में आरोपित के दोस्त को भी सह-अभियुक्त बनाया है। फिलहाल दोनों पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

यह है मामला

छोला मंदिर थाना पुलिस के मुताबिक 32 वर्षीय युवती छोला मंदिर थाना क्षेत्र की एक मल्टी में रहती है। युवती ने अप्रैल में सुधीर त्यागी नाम के युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसमें बताया था की शादी करने का भरोसा देकर सुधीर ने लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया। शादी करने का दबाव बनाने पर सुधीर उसे छोड़कर अपने घर दतिया चला गया था। शिकायत के आधार पर दुष्कर्म को केस दर्ज कर पुलिस ने दतिया से सुधीर को गिरफ्तार कर लिया था। पिछले दिनों अदालत ने सुधीर को जमानत दे दी थी। युवती ने दोबारा की शिकायत में पुलिस को बताया कि जेल से छूटने के बाद एक मई को सुधीर अपने दोस्त ऋषिकांत के साथ उसके घर पहुंचा था। ऋषिकांत घर के दरवाजे के बाहर खड़ा रहा, जबकि सुधीर जबरन घर के अंदर घुस गया और उसके साथ ज्यादती की। घटना के बाद उसने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म का दूसरा केस भी दर्ज कर लिया है। इसमें ऋषिकांत को सह-आरोपित बनाया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

2024-05-08T09:17:47Z dg43tfdfdgfd