DENGUE OUTBREAK: दिल्ली में डेंगू से दूसरी मौत, राजधानी में बढ़ते मरीजों ने बढ़ाई चिंता

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में डेंगू से दूसरी मौत हो गई है। सफदरजंग अस्पताल में उपचार ले रहे व्यक्ति की मौत हो गई। 32 वर्षीय युवक को 10 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मरीज को तेज बुखार था। इससे पहले लोक नायक अस्पताल में एक मरीज ने डेंगू से दम तोड़ दिया था।

सफदरजंग अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा, दिल्ली में डेंगू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। रविवार देर शाम तक अस्पताल में डेंगू के 13 नए मरीजों को भर्ती किया गया है। वर्तमान में अस्पताल में 15 मरीजों का उपचार चल रहा है।

अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या

एक जुलाई से अभी तक अस्पताल में 74 मरीजों को भर्ती किया जा चुका है। इसमें एक मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ा है। इसके साथ ही लोकनायक अस्पताल, डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, गुरु तेब बहादुर अस्पताल, दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल सहित दिल्ली के दूसरे अस्पतालों में डेंगू से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

हर दिन 100 से अधिक मरीज पहुंच रहे

डॉक्टर्स का कहना है कि बीते कुछ दिनों में अचानक मामले बढ़ने लगे हैं। हर दिन औसतन 100 से अधिक मरीज डेंगू के लक्षण के साथ पहुंच रहे हैं। इनमें से काफी मरीज की रिपोर्ट पाजिटिव मिल रही है।

नवंबर तक मिलते हैं ज्यादातर डेंगू के मरीज

दिल्ली नगर निगम की मानें तो दिल्ली में बीते सप्ताह तक डेंगू के 709 मरीज थे। पिछले सप्ताह 131 नए मामले सामने आए थे। डॉक्टर्स का कहना है कि नवंबर तक दिल्ली में डेंगू के मामले सामने आते हैं।

ये भी पढ़ें- Delhi Crime: कार से मां और बेटियों का करता था पीछा, दिल्ली पुलिस ने 115 किमी तक ट्रैक कर पकड़ा 'सनकी'

बीते दिनों हुई बारिश के बाद जलभराव की घटनाएं बढ़ने की आशंका है। ऐसे में माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में डेंगू के मामले तेजी से बढ़ सकते हैं।

2024-09-16T14:52:58Z dg43tfdfdgfd