GWALIOR WEATHER: पछुआ हवाओं ने उतारी वैसाख की गर्मी

Gwalior weather: नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: हिंदू पंचांग का वैसाख मास और अंग्रेजी माह मई दोनों ही भीषण गर्मी के लिए जाने जाते हैं। वैसाख शुरू होने के बाद अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है, जिससे भीषण गर्मी का अहसास हुआ, हालांकि लू नहीं चली। लेकिन वैसाख की अष्टमी और मई की पहली तारीख को मौसम ने करवट बदली और पछुआ (पश्चिमी) हवा ने गर्मी पर ब्रेक लगा दिया। दिन और रात का तापमान भी घटा दिया। न्यूनतम तापमान छह डिसे घटकर 20.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, तो ठंडी हवा का अहसास हुआ। दिन में अधिकतम तापमान में 1.4 डिसे की कमी आई और 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे गर्मी का तेज कम रहा। गर्मी से लोगों को राहत मिलने की खबर है।

अगले सप्ताह ठंडक रहने वाली है

अगले पूरे सप्ताह ठंडक रहने वाली है, क्योंकि अरब सागर से नमी लेकर आ रही पश्चिमी हवाओं ने बढ़ते तापमान पर ब्रेक लगाने के साथ ही दिन व रात का पारा घटा भी दिया है। अगले पूरे सप्ताह यह हवाएं अब पारे को बढ़ने से रोककर रखेंगी। इससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। छह और सात मई को वर्षा के आसार बन रहे हैं। बुधवार को दिन के तापमान में बीते रोज से 1.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई और रात के तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की कमी आ गई। मौसम वैज्ञानिक हुकुम सिंह का कहना है कि अरब सागर से नमी लेकर हवाएं आ रही है। इस कारण गुजरात के ऊपर हवाओं का चक्रवात बना हुआ है।

इस समय ग्वालियर चंबल में पश्चिमी हवाएं चल रही है

इस वक्त ग्वालियर चंबल संभाग में नमी लेकर आई पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इसके कारण तेज धूप की चमक भी फीकी हो गई, इस कारण से वातावरण में धूप गर्मी पैदा नहीं कर पा रही है। इसके कारण पारा गिरा और आगे चार मई तक पारा स्थिर रहने वाला है। मौसम विज्ञानी के मुताबिक पांच मई को धूप अपने तेवर दिखाएगी, लेकिन आ रहा पश्चिमी विक्षोभ धूप के तेवर को दूसरे दिन छह मई को ही कम कर देगी, क्योंकि आसमान में बादल छाने से सात मई को बूंदाबांदी हो सकती है। बुधवार की सुबह चल रही हवाओं में ठंडक थी इसलिए धूप का असर भी देरी से हुआ। दिन जैसे जैसे आगे बढ़ा तो धूप भी खिली लेकिन उसकी चमक फीकी ही रही। यही कारण है कि सुबह साढ़े 11 बजे 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान घटकर 20.3 डिग्री पर आ गया। हवा में नमी सुबह के समय 38 फीसद और दोपहर में 20 फीसद दर्ज की गई।

2024-05-02T02:08:56Z dg43tfdfdgfd