GWALIOR WEATHER: सूरज के रौद्र रूप से पिघली सड़क, आज छा सकते हैं बादल

Gwalior weather: नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर: भीषण गर्मी पड़ने लगी है। सूरज के रौद्र रूप से दिन का तापमान लगातार दूसरे दिन भी 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा, जबकि रात का तापमान भी बढ़ गया। तेज धूप के कारण दिन में सड़कें सुनसान जैसी रहीं। लोगों ने तेज धूप व गर्मी से बचने के लिए पेड़ों की छांव का सहारा लिया। धूप इतनी तेज थी कि सड़क का डामर तक पिघल गया।

अंदाजा लगाया जा सकता है कि मई और जून में क्या हालात रहने वाले हैं। हालांकि शनिवार को आसमान में बादल छा सकते हैं जिससे पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिक हुकुम सिंह का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर शनिवार को वातावरण में दिखाई देने लगेगा। सुबह तक आसमान में बादल आ जाएंगे, जो दिन में धूप के तेवर को कम करेंगे। इससे बढ़ रहे तापमान पर ब्रेक लगेगा और एक से दो डिग्री सेल्सियस कम भी हो सकता है और रात के तापमान में भी गिरावट हो सकती है। यह असर अगले दो दिन रहेगा। 24 अप्रैल के बाद फिर से गर्मी बढ़ेगी, क्योंकि राजस्थान से आने वाली गर्म हवाओं से लू चल सकती है।

तापमान बढ़ेगा, भीषण गर्मी का फिर अहसास होगा। शुक्रवार की सुबह आसमान साफ रहा। इससे सुबह से ही धूप ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिए और पहली बार सुबह साढ़े 11 बजे तापमान 37 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। दोपहर ढाई बजे तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इस कारण से दिन का तापमान बीते रोज से 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा और अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात के तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हवा में नमी 36 फीसद रही जो सामान्य से दो फीसद कम थी और दोपहर में 24 फीसद नमी रही।

2024-04-20T02:25:38Z dg43tfdfdgfd