JHARKHAND WEATHER: इन जिलों में आज तेज बारिश के आसार, वज्रपात की भी अलर्ट

रांची. बंगाल की खाड़ी में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन और साउथ वेस्ट मानसून झारखंड में सक्रिय है. राजधानी रांची में बीते 24 घंटे में हल्की बारिश देखी गई. वहीं, प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 37.4 डिग्री गोड्डा व सबसे कम तापमान 23.6 डिग्री चाईबासा में दर्ज किया गया. सबसे अधिक वर्षा 35.2 मिमी चतरा में दर्ज की गई. रविवार के मौसम की बात करें तो आज कुछ जिलों में अच्छी बारिश देखी जा सकती है.

रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर राज्य में अच्छा खासा पड़ने वाला है. कुछ जिलों में तेज बारिश के साथ वज्रपात की आशंका है, इसलिए लोगों को काफी सचेत रहने की जरूरत है. इसे लेकर प्रदेश भर में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है.

इन जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, आज कुछ जिलों में बहुत तेज बारिश होने के आसार हैं. इसमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला खरसावां शामिल हैं. यहां पर बारिश को लेकर येलो अलर्ट है. खासकर इन जिलों में इस दौरान घर से बाहर न निकलें या फिर बारिश के दौरान किसी पक्के मकान में शरण लें, पेड़ के नीचे भूलकर भी न खड़े रहे.

जिलों का संभावित तापमान

आज के संभावित तापमान की बात करें तो देवघर, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज में अधिकतम 34 व न्यूनतम 26 डिग्री, कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, पलामू में अधिकतम 36 डिग्री व न्यूनतम 26 डिग्री, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला में अधिकतम 33 डिग्री व न्यूनतम 26 डिग्री और पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला में अधिकतम 33 डिग्री व न्यूनतम 24 डिग्री तापमान दर्ज किया जा सकता है.

2024-09-08T02:46:57Z dg43tfdfdgfd