LOK SABHA CHUNAV 2024 LIVE: तेलंगाना में विपक्ष पर गरजे पीएम मोदी कहा - तीसरे चरण में ही विपक्ष फ्यूज

Lok Sabha Election 2024 Live Updates: देश में लोकसभा के तीन चरणों के चुनाव खत्म हो चुके हैं। अभी चार चरण और बाकी है। सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत से जुटे हुए हैं। इंडिया गठंबधन हो या NDA सभी दलों की चुनावी रैलियां चल रही हैं। इस बीच लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (8 मई 2024) तेलंगाना दौरे पर हैं। उन्होंने एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि तीसरे फेज़ में कांग्रेस और INDI गठबंधन का तीसरा फ़्यूज़ उड़ गया है। अभी 4 चरण का चुनाव बाकी है। जनता के आशीर्वाद से भाजपा और NDA तेजी से विजय रथ को आगे ले जा रही है। बता दें कि पीएम मोदी पीएम सुबह तेलंगाना के करीमनगर गए। यहां के श्री राजा राजेश्वरी स्वामी मंदिर में पूजा की।

तेलंगाना से आंध्र प्रदेश भी जाएंगे पीएम

तेलंगाना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। उनका संबोधन शाम करीब 4 बजे होगा। इसके बाद वे एनटीआर जिले के विजयवाड़ा में एक रोड शो करेंगे। यह रोड शो विजयवाड़ा में बंदर रोड पर इंदिरा गांधी नगर स्टेडियम से शाम 5 बजे के आसपास शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। एन किरण कुमार राजमपेटा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला YSRCP के पी मिथुन रेड्डी से होगा। बता दें कि लोकसभा चुनाव के लिए तेलंगाना की सभी 17 सीटें और आंध्र प्रदेश की सभी 25 सीटों पर 13 मई को वोटिंग होगी। नतीजे 4 जून को आएंगे।

आंध्र प्रदेश में सीटों का बंटवारा

आंध्र प्रदेश में बीजेपी राज्य की अन्य पार्टियों के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। भाजपा और टीडीपी के बीच सीटों बटवारा मार्च महीने में ही हो गया था। इसमें भाजपा लोकसभा की 6 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं विधानसभा की 10 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसके अलावा, टीडीपी को 17 लोकसभा की सीटें मिली हैं, जबकि 144 विधानसभा सीटें मिली हैं। भाजपा और टीडीपी के अलावा गठबंधन में शामिल जनसेना राज्य की दो लोकसभा सीटों और 21 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

2024-05-08T03:20:12Z dg43tfdfdgfd