LUCKNOW NEWS: दिवाली पर फ्लाइट्स के टिकट महंगे

लखनऊ (ब्यूरो)। मुंबई से लखनऊ आने वाली फ्लाइट्स में टिकट पांच गुणा तक महंगे हो गए हैं। वहीं कुछ इसी तरह का हाल बेंगलुरु से राजधानी आने वाली फ्लाइट्स का भी है। दिवाली पर हर साल हजारों की संख्या में लोग मुंबई से राजधानी लखनऊ अपने घर आते हैं। इनमें से बहुत से लोग समय बचाने के लिए फ्लाइट्स का ही सहारा लेते हैं। इस बार दिवाली पर मुंबई से राजधानी आने वालों को अपनी जेब काफी ढीली करने होगी। आनलाइन टिकटों की बिक्री पर नजर डालें तो 29 अक्टूबर को मुंबई से लखनऊ आने वाली फ्लाइट्स का किराया आठ हजार रुपये से 24 हजार रुपये तक का है। सामान्य दिनों में यह किराया 4,800 रुपये के करीब ही रहता है। त्योहारी सीजन में मुंबई से आने वाली फ्लाइट्स के किराए में पांच गुणा तक वृद्धि हो गई है।

काफी बढ़ा बेंगलुरु से किराया

इसी तरह बेंगलुरु से राजधानी लखनऊ आने वाली फ्लाइट्स के किराये में भी काफी बढ़ोतरी हो गई है। 29 अक्टूबर को बेंगलुरु से लखनऊ आने के लिए यात्रियों को 12 हजार रुपये से लेकर 21 हजार रुपये तक किराया देना होगा। आम दिनों में बेंगलुरु से लखनऊ के टिकट की कीमत साढ़े छह हजार रुपये के आसपास ही रहती है।

दिल्ली और चंडीगढ़ से भी टिकट महंगे

मुंबई और बेंगलुरु के बाद दिल्ली और चंडीगढ़ से राजधानी लखनऊ आने वाली फ्लाइट्स के टिकट के रेट में भी इजाफा हो गया है। चंडीगढ़ से लखनऊ आने वाली विभिन्न एयरलाइंस फ्लाइट्स टिकट पांच हजार रुपए से लेकर 14 हजार रुपये तक है। आम तौर पर यह 4,500 रुपये के करीब ही रहती हैं। इसी तरह दिल्ली से आने का टिकट 3,200 रुपये लेकर 6,600 रुपये तक है। वहीं सामान्य दिनों में फ्लाइट्स का रेट 2,800 रुपये से लेकर तीन हजार रुपये के आसपास रहता है।

लखनऊ से प्रमुख शहरों का टिकट

शहर किराया

मुंबई 4,900 से 8,200 रुपए

बेंगलुरु 5,200 से 6,800 रुपए

चंडीगढ़ 2,800 से 4,900 रुपए

नईदिल्ली 2,900 से 4,600 रुपए

नोट- गूगल पर 29 अक्टूबर को दिखने वाला फ्लाइट्स का आनलाइन किराया।

2024-09-18T17:30:01Z dg43tfdfdgfd