MANDSAUR NEWS: नारकोटिक्स निरीक्षक संजीव परिहार का शव बायपास पर कार में मिला

नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। पुलिस की नारकोटिक्स विंग में पदस्थ निरीक्षक संजीव परिहार का शव बायपास पर जीप में मिला। गुरुवार को सुबह वह अकेले ही कचनारा के श्री हनुमान मंदिर जाने का कहकर निकले थे। इसके बाद न तो स्वजन का फोन उठाया और न ही स्टाफ वालों से बात हुई। पुलिसकर्मियों ने खोजबीन शुरू की तो बायपास पर गिरनार पार्क के पास सड़क पर उनकी गाड़ी खड़ी मिली। उसका दरवाजा नहीं खुला तो जैसे-तैसे उसे खोला गया। अंदर निरीक्षक संजीवसिंह परिहार बेसुध थे और शरीर कड़क हो गया था।

बाद में पुलिसकर्मी तत्काल सिद्धि विनायक अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने बताया कि संजीव सिंह की मौत दो से तीन घंटे पहले हो चुकी थी। बाद में शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंपा गया। संजीवसिंह का अंतिम संस्कार संभवत: भोपाल में होगा।

नारकोटिक्स विंग के निरीक्षक संजीवसिंह परिहार पहले दलौदा थाना प्रभारी थे। उप निरीक्षक से निरीक्षक पद पर प्रमोशन के बाद वह पुलिस की नारकोटिक्स विंग में चले गए थे। बताया जा रहा है कि संजीवसिंह सुबह हनुमान मंदिर जाने का कहकर निकले थे, लेकिन तीन-चार घंटे तक वापस नहीं आए। स्टाफ वालों का फोन भी नहीं उठा रहे थे। जब संपर्क नहीं हो पाया तो पुलिसकर्मियों ने उनकी खोजबीन शुरू की।

इसी दौरान बायपास गिरनार वाटर पार्क के पास संजीवसिंह परिहार की गाड़ी खड़ी मिली। गाड़ी के कांच बंद थे बाद में जैसे-तैसे उसके दरवाजे खोले गए तो अंदर संजीवसिंह परिहार का एक हाथ स्टेयरिंग पर और एक हाथ सीने पर रखा था और शरीर कड़क होने लगा था।

इसके बाद पुलिसकर्मी तत्काल शहर के निजी अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण कर बताया कि उनकी मौत हो चुकी हैं। एसपी अनुराग सुजानिया सहित पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। इसके बाद उनके शव को जिला अस्पताल के पोस्ट मार्टम कक्ष पर पहुंचाया गया। अब पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। पर चिकित्सकों ने आशंका जताई है कि साइलेंट अटैक भी मौत का कारण हो सकता हैं।

2024-04-19T02:10:06Z dg43tfdfdgfd