MOSQUITO PREVENTION TIPS: मच्छरों से बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय, दूर तक नहीं आएंगे नजर

हेल्थ डेस्क, इंदौर। Mosquito Remedies For Home: वर्तमान में तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण मच्छरों की संख्या अचानक से बढ़ने लगी है। इसका मुख्य कारण घर और घरों के आसपास रूका हुआ पानी है। स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम अपने स्तर पर इससे निपटान के लिए कार्य कर रहा है। लेकिन इसके लिए सभी लोगों को जागरूक होने की आवश्यकता है। लोगों को यहीं लगता है कि मच्छर बाहर से आ रहे हैं। गमला, कूलर, टायर ये ऐसी वस्तुएं हैं, जहां पानी जमा हो जाता है और हम ध्यान ही नहीं देते। यदि इसपर ध्यान दिया जाए तो हम मच्छरों को पनपते से रोक सकते हैं।

हालाकि अभी मच्छर डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों नहीं फेला रहे हैं। हमारी टीम रोजाना योजना बनाकर अलग-अलग क्षेत्रों में जा रही है। अब तक 25 हजार स्थानों पर सर्वे किया जा चुका है। यह बात जिला मलेरिया अधिकारी डा. दौलत पटेल ने कहीं। वे बुधवार को नईदुनिया के हेलो डाक्टर कार्यक्रम में मच्छर जनित बीमारियों से बचाव पर पाठकों के सवालों के जवाब दे रहे थे। डा. पटेल ने बताया कि यदि किसी क्षेत्र के लोग मच्छरों की समस्या से परेशान है तो वह 07312537253 पर शिकायत कर सकते हैं।

डा. दौलत पटेल

सवाल- मच्छरों से हम काफी परेशान हो गए है। दवाई के छिड़काव के बाद भी राहत नहीं मिली?- नेहा, तिलक नगर

जवाब- मच्छर साफ पानी में पनप रहे हैं। हम घरों के बाहर तो सफाई पर ध्यान देते हैं, लेकिन घर के अंदर और छतों पर जमा हो रहे पानी पर ध्यान नहीं देते हैं। हमें पानी को जमा नहीं होने देना चाहिए।

सवाल- हमारे घर में छोटे-छोटे मच्छर हो रहे हैं। खाना भी ठीक से नहीं खा पा रहे हैं। - चंद्रप्रकाश, सुदामा नगर

जवाब- सबसे पहले आप अपने घर पर देखे की कहीं पानी जमा तो नहीं हो रहा है। हमारी टीम द्वारा आपके क्षेत्र में दवाई का छिड़काव करवाएंगे। ताकि इस समस्या का समाधान हो सके।

सवाल- दिन में तो मच्छर कम रहते हैं, लेकिन शाम के समय संख्या बढ़ जाती है। कैसे बचे? - राजेश अग्रवाल, देवास

जवाब- मच्छर जमा पानी में अंडे देते हैं। उससे लार्वा बनता है और फिर यह पनपते हैं। यह पानी कहीं भी हो सकता है। शाम के समय इनसे बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग करना चाहिए।

सवाल- हमारे यहां मच्छरों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन दवाइयों का छिड़काव नहीं हो रहा है? - असलम दूलावत(खरसोद कलां), मोहम्मद बसिर पटेल(सोनवाय)

जवाब- मच्छरों से आमजनों को बचाने के लिए सरकार की कई योजनाएं चल रही है। हमारी टीम भी अलग-अलग क्षेत्रों में नियमित दवाइयों का छिड़काव और लार्वा नष्ट कर रही है। डेंगू, मलेरिया के मच्छर साफ पानी में पनपते हैं।

सवाल- मच्छरों की संख्या बढ़ रही है। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम क्या कर रही है? - दिव्यांशु सिंह ठाकुर, प्रकाश नगर

जवाब- मलेरिया विभाग और नगर निगम मिलकर मच्छरों को कम करने का प्रयास कर रहा है। अभी तापमान में बदलाव के कारण इनकी संख्या बढ़ रही है। तापमान बढ़ेगा तो इनकी संख्या भी कम हो जाएगी।

सवाल- स्वच्छता के बाद तो सुधार आया है। लेकिन घरों में मच्छरों की समस्या से कैसे बचें? - हुकुमचंद कटारिया, सनावद

जवाब- सबसे पहले हमें इस पर ध्यान देना चाहिए कि मच्छर पैदा कहां से हो रहे हैं। यदि हम अपने घर और आसपास पानी एकत्रित नहीं होने देंगे, तो मच्छर पनप ही नहीं पाएंगे।

सवाल- हमारी पुरानी बिल्डिंग है। नीचे चेंबर में पानी जमा होता है। मच्छरों से कैसे बचें? - राजकुमार सेन, ओल्ड पलासिया

जवाब- इसके लिए सबसे पहले बिल्डिंग के पदाधिकारियों से बात कर चेंबर को साफ करवाना चाहिए। इसी से मच्छर पनप रहे होंगे।

सवाल- मच्छरों से बचाव के लिए स्प्रे, अगरबती होती है। क्या वह बच्चों के लिए हानिकारक है? - एमएल जाधव(कंपेल), अनिल कुछालिया(गुमास्ता नगर)

जवाब- यह बच्चों के लिए हानिकारक हो सकती है। इनकी जगह हमें मच्छरदानी का उपयोग करना चाहिए। क्योंकि इनमें केमिकल रहता है। लेकिन सबसे पहले कोशिश करें कि हम मच्छर पनपने ही ना दें।

2024-05-01T15:22:07Z dg43tfdfdgfd