UJJAIN MAHAKALESHWAR: महाकाल मंदिर में जनकल्याण के लिए शुरू हुआ महारुद्राभिषेक

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में रविवार को जनकल्याण की उदात्त भावना से नंदी मंडपम में महारुद्राभिषेक का शुभारंभ हुआ। सुबह 11 बजे मंदिर समिति अध्यक्ष व कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने अनुष्ठान का संकल्प लेकर सपत्नीक पूजा-अर्चना की। पांच से 10 मई तक आयोजित होने वाले इस अनुष्ठान को मंदिर के पुजारी, पुरोहित संपन्न कराएंगे।

महाकाल मंदिर समिति द्वारा देश, प्रदेश व नगर में अच्छी वर्षा, उत्तम खेती तथा प्रजा की खुशहाली के लिए परिसर में ओंकारेश्वर मंदिर के सामने पांच हजार साल पुरानी पद्धति से सोमयज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस यज्ञ को सोलापुर (महाराष्ट्र) से आए वैदिक विद्वान संपन्न करा रहे हैं, यह अनुष्ठान नौ मई तक चलेगा। मंदिर समिति की मंशा राष्ट्र हित व जनकल्याण की भावना से महाकाल की महापूजा कराने की है, इसलिए रविवार से समिति ने मंदिर के नंदी मंडपम में महारुद्राभिषेक के रूप में एक और अनुष्ठान शुरू किया है।

बताया जाता है परिसर में चल रहा सोमयज्ञ हवनात्मक अनुष्ठान है। वहीं मंदिर के पुजारी, पुरोहित नंदी मंडपम में भगवान महाकाल से देश की खुशहाली के लिए अभिषेकात्मक प्रार्थना करेंगे। महारुद्राभिषेक के शुभारंभ पर प्रशासक मृणाल मीणा, सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल सहित अन्य अधिकारी व समिति सदस्य मौजूद थे।

2024-05-05T14:07:34Z dg43tfdfdgfd