WEATHER OF MP: मतदान के दिन मप्र के इन जिलों में बारिश का अलर्ट, भोपाल-विदिशा में बने रह सकते हैं बादल

नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल : वर्तमान में मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई प्रभावी प्रणाली सक्रिय नहीं है। वातावरण में नमी की मात्रा काफी कम होने से मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। इस वजह से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। इसी क्रम में शनिवार को पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक रहा। सबसे अधिक 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। भोपाल में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। यहां तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

इन जिलों में बारिश का अनुमान

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक ईरान और पाकिस्तान के आसपास दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गए हैं। इनके प्रभाव से सोमवार से मौसम का मिजाज बदल सकता है। मंगलवार को मतदान दिवस पर भोपाल, विदिशा, सागर में बादल बने रह सकते हैं। तेज रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बैतूल में गरज-चमक के साथ वर्षा होने के भी आसार हैं। शेष क्षेत्रों में तपिश तो रहेगी, लेकिन लू चलने के आसार नहीं हैं। बता दें कि मंगलवार को भोपाल, राजगढ़, सागर, गुना, विदिशा, बैतूल, भिंड, मुरैना एवं ग्वालियर में मतदान होना है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ ईरान पर द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ भी द्रोणिका के रूप में पाकिस्तान पर सक्रिय है। राजस्थान एवं मराठवाड़ा पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात मौजूद हैं। साथ ही मराठवाड़ा से लेकर विदर्भ एवं छत्तीसगढ़ से होते हुए मेघालय तक एक द्रोणिका बनी हुई है।

गरज-चमक की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ के दूर रहने के कारण उसका प्रभाव अभी नहीं देखने में आ रहा है। इस वजह से वातावरण लगभग शुष्क बने रहने से तापमान में कुछ और बढ़ोतरी होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर हवाओं के साथ नमी आने की वजह से रविवार को प्रदेश में कहीं-कहीं आंशिक बादल छा सकते हैं। सोमवार-मंगलवार को प्रदेश में बादल छाने के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। मंगलवार को बैतूल में वर्षा भी होने के आसार हैं।

2024-05-04T16:34:09Z dg43tfdfdgfd