आईजी से महिला बैरक और एरियर्स की मांग

नईदुनिया न्यूज, जांजगीर - चांपा : पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज डा. संजीव शुक्ला जिले के दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण में पहुंचे थे। पहले दिन बुधवार को उन्होंने अकलतरा और नवागढ़ थाने का निरीक्षण किया। वहीं दूसरे दिन गुरूवार को पुलिस लाइन का निरीक्षण किया और जिले के पुलिस अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए आयोजित पुलिस सम्मेलन में शामिल हुए।

उन्होंने बेहतर पुलिसिंग के लिए थाना में आने वाले पीड़ितों एवं शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का उचित निराकरण करने एवं उनसे अच्छा ब्यवहार करने के निर्देश दिए। थाना, चौकी प्रभारियों को अपराध पर अंकुश लगाने तथा जुआ सट्टा खिलाने एवं अवैध शराब बिक्री करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने एक पेड़ मां के नाम पर पौधारोपाण भी किया।

पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज डा. संजीव शुक्ला ने वार्षिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर रक्षित केन्द्र जांजगीर में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए पुलिस सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस महानिरीक्षक अधिकारी कर्मचारियों से रूबरू हुए एवं उनकी समस्याओं के निराकरण करने का आश्वासन दिये।

इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने महिला बैरक बनाने और अन्य अधिकारी कर्मचारियों ने समयमान वेतनमान के एरियर्स की मांग की। इस दौरान एसपी विवेक शुक्ला, एएसपी राजेन्द्र कुमार जायसवाल,एसडीओपी चाम्पा यदुमणि सिदार, विजय पैकरा, प्रदीप कुमार सोरी, अनिल कुर्रे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी तथा जिले के थाना, चौकी के प्रभारी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

सेवा पुस्तिका की प्रविष्टियां मिले अपूर्ण

आईजी शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शाखाओं का निरीक्षण कर जानकारी ली, जिसमें कार्यालय में संचारित किये जा रहे पुलिस अधिकारी, कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका की जांच कर आवश्यक प्रविष्टिओं को पूर्ण करने के निर्देश दिये। साथ ही अनुकम्पा नियुक्ति , लंबित पेंशन प्रकरणों, विभागीय भविष्य निधि, जिले में चल रहे निर्माण कार्यों, बजट की स्थिति, न्यायालय संबंधी प्रकरणों, निलंबित अधिकारी कर्मचारियों तथा उनके अपील अवकाश निराकरण आदि के संबंध में जानकारी लिए । वहीं थाना चौकी में पदस्थ कर्मचारियों से प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा अनावश्यक लंबित नहीं रखने के निर्देश दिये।

कोतवाली के अधिकारी कर्मचारी करते रहे इंतजार

पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज डा. संजीव शुक्ला जिले के दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण में पहुंचे थे। पहले दिन बुधवार को उन्होंने अकलतरा और नवागढ़ थाने का निरीक्षण किया। नवागढ़ में उन्होंने बैरक निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। निरीक्षण में कोतवाली थाना जांजगीर भी पहुंचने की उम्मीद थी। आईजी के निरीक्षण को देखते हुए दस दिन पहले से ही थाने के अधिकारी कर्मचारी तैयारी में लगे हुए थे। थाना भवन की साफ सफाई और रंग रोगन कर चकाचक किया गया था। आईजी के आगमन का कोतवाली के अधिकारी कर्मचारी इंतजार करते रहे मगर वे नहीं पहुंचे।

2024-07-26T18:19:13Z dg43tfdfdgfd