भगवान परशुराम के प्रकटोत्सव पर शोभायात्रा 12 को

नईदुनिया न्यूज, चकरभाठा : नगर पंचायत बोदरी में प्रतिवर्ष की भांति भगवान परशुराम के प्रकटोत्सव मनाने पर सहमति बनी। बताया गया 12 मई को दोपहर तीन बजे से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद से उत्सव की तैयारी जोरों पर है। इसके लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी बांटी गई है जिससे कार्य बेहतर ढंग से हो सके।

नगर पंचायत बोदरी बिल्हा परिक्षेत्र में भगवान परशुराम प्रकटोत्सव मनाने को लेकर समाज के लोगों में उत्साह है। इसकी तैयारी की रूपरेखा प्रथम बैठक में तय कर ली गई थी। इस बार भगवान परशुराम के प्रकटोत्सव पर विप्र समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इस वर्ष शासकीय पदों पर नियुक्त अधिकारी, कर्मचारी एवं समाज के वरिष्ट जनों को सम्मानित किया जाएगा। भगवान परशु सेना के संयोजकों ने बताया कि इस बार झांकी, शोभायात्रा में प्रकांड विद्वानों द्वारा स्वास्ति वाचन का भी पाठ किया जाएगा।

बोदरी नगरवासी भी शोभायात्रा की स्वागत तैयारी में जुट गए हैं। समिति के सदस्यों द्वारा सभी सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई है। शोभा यात्रा नगर पंचायत बोदरी के लक्ष्मी नारायण मंदिर से प्रांरभ होकर रेलवे स्टेशन तहसील कार्यालय होते हुए झूलेलाल मंदिर, हनुमान मंदिर से परशुराम भवन में पहुंचेगी। कार्यक्रम में स्वल्पाहार वितरण के बाद समापन होगा। दूर से आए महिला एवं वृद्ध जनों के लिए घर तक पहुंचाने की भी व्यवस्था किया जा रहा है।

2024-05-06T19:12:07Z dg43tfdfdgfd